बहादुरगढ़। मेन बाजार स्थित कोमल ज्वेलर शॉप में पांच करोड़ के आभूषणों की चोरी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। अभी कई आरोपी फरार हैं। एंटी व्हीकल थैफ्ट झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि उमेश निवासी सेक्टर-6, बहादुरगढ़ ने थाना शहर में शिकायत दी थी कि 7 अक्टूबर 2025 को उनकी दुकान में चोरी हुई है। सारा सामान बिखरा हुआ था।
थाना शहर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया। अब एंटी व्हीकल थेफ्ट में तैनात सहायक उप निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू निवासी सरदार मोहल्ला, तुगलकाबाद, नई दिल्ली के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत बहादुरगढ़ में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों, वारदात में प्रयुक्त वाहन तथा चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।