चयनित जेबीटी टीचर्स ने रविवार को शहीदी पार्क में प्रदर्शन किया। इस मौके पर विधायक नरेश कौशिक व एसडीएम अमरदीप जैन को ज्ञापन सौंपने की रणनीति भी तैयार की गई। यही नहीं पंचकूला में 27 जनवरी को होने वाली चेतावनी रैली में बढ़ चढ़ कर भाग लेने व जल्द से जल्द ज्वाइनिंग को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए विनोद वत्स ने कहा कि एक तरफ तो हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के लिए दम भर रही है तो दूसरी ओर शिक्षित युवा बेरोजगार सड़कों पर अपने हकों की लड़ाई लड़ते हुए आवाज उठा रहे हैं। मगर सरकार की ढुलमुल कार्रवाई के चलते समाधान नहीं हो पा रहा। इससे चयनित टीचर्स में रोष पनप रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में पात्रता परीक्षा पास की। इसके बाद वर्ष 2012 में नौकरी के लिए आवेदन किया और वर्ष 2013 में साक्षात्कार हुए और वर्ष 2014 में उसका परिणाम घोषित किया गया, लेकिन वर्ष 2015 में नौकरी तो नहीं दी गई बल्कि पूरा साल वेरीफिकेशन के नाम पर निकाल दिया गया।
जिससे चयनित टीचर्स में सरकार के प्रति भारी रोष बना हुआ है। विनोद वत्स ने प्रदेश के सभी अध्यापकों व अध्यापक संगठनों से अपील की है कि 27 जनवरी को चेतावनी रैली को सफल बनाने के लिए वे पंचकूला पहुंचेंगे। पात्र अध्यापक संघ के जिला महासचिव धर्मवीर सैनी ने बताया कि जिले के पात्र टीचर्स जेबीटी टीचर्स के साथ हैं। बैठक में मौजूद सावित्री, गीता व तृप्ता ने बताया कि वे सरकार एक ओर जहां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चला रही है तो दूसरी ओर प्रदेश की 6 हजार से अधिक बेटियां पिछले 18 महीने से सड़कों पर आवाज उठाते हुए नियुक्ति की गुहार लगा रही है, लेकिन उसके बाद भी उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही। ऐसे में उनके साथ अन्याय हो रहा है। बैठक में मनोज, सोमबीर, चंद्रबोस, दीपक, मंदीप, दीपक, सुमन, पूजा सहित सहित कई शामिल रहे।