झज्जर। धरना स्थल पर पुलिस और खुफिया तंत्र की बढ़ती उपस्थिति से जाट नेेता मंगलवार को काफी खफा दिखाई दिए। इसके चलते धरने की वीडियोग्राफी कर रहे एक कर्मचारी को धरना दे रहे लोगों ने धरनास्थल से दूर जाने को कह दिया। जाट नेेताओं हालांकि बाद में साफ किया कि कर्मचारी केवल वक्ताओं को वीडियो बनाए, धरना दे रहे लोगों की वीडियो बनाना गलत है। वहीं जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष जितेंद्र उर्फ बबला ने कहा कि धरना स्थल पर प्रशासन द्वारा पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इसके बाद भी खुफिया विभाग के कुछ कर्मचारी रिकार्डिंग करते दिखाई देते है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मंच से बार-बार अपील कर रहे है कि मंच से ऐसी कोई बात न हो जिससे माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि धरने में आए लोग धरना स्थल की रिकार्डिंग को खेदजनक मान रहे है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समिति बार-बार कह रही है कि धरना के दौरान कोई ऐसी ब्यानबाजी नहीं होगी, जिससे तनाव पैदा हो, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन रिकार्डिंग करने से बाज क्यों नही आ रहा है। धरना स्थल पर बैठे समाज के लोगों ने कहा कि पुलिस प्रशासन को धरना स्थल से 500 मीटर दूर खड़ा होना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो।
पार्टी का झंडा घर छोड़कर आएं राजनेता
धरना स्थल पर जाट समुदाय के लोगों ने कहा कि धरने को वे राजनीतिक मंच नहीं बनाना चाहते है। जाट समुदाय के लोग शांतिपूर्वक ढंग से अपनी मांग धरने के माध्यम से सरकार के समक्ष रख रहे हैं। जाट समाज का धरना मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना दे रहे लोगों ने राजनीतिक दलों से धरने में पहुंचकर राजनीति न करने की नसीहत दी है। जाट समुदाय के लोगों ने कहा कि हर दल हमारे धरने में आकर सहयोग व समर्थन कर सकता है, लेकिन धरने में आने से पहले अपनी पार्टी का झंडा अपने घर छोड़कर आएं। धरने में केवल भाईचारे और समाज हित की बात करे न कि राजनीतिक।
मंगलवार को चला रागनियों का दौर
मंगलवार को धरना स्थल पर रागनी कंपीटिशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें रागनी गायकों ने धरना स्थल पर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं बुजुर्ग हुक्के के कश लगाते हुए ताश के खेल से भी मनोरंजन कर रहे थे। धरने में आने वाले लोगों के लिए चाय के अलावा सब्जी-पूड़ी का भी प्रबंध किया गया है।
आज पहुंचेंगे यशपाल मलिक
जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष जितेंद्र का कहना है कि एक फरवरी को बसंत पंचमी के दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक धरना स्थल पर पहुंचेंगे, जहां वो अपना संबोधन करेंगे। इसके साथ-साथ धरना स्थल पर सर छोटूराम जयंती भी मनाई जाएगी। हवन यज्ञ के साथ धरने को शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि धरना स्थल पर मलिक आगामी रणनीति के बारे में विचार रखेंगे।