जिले में बीस से अधिक स्थानों पर जाम के बाद दिनों दिन बिगड़ रहे हालातों के बीच वीरवार को प्रशासन एक्शन के मोड में नजर आया। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही पुलिस व पैरा मिलिट्री फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। फोर्स को ले जाने के लिए रोडवेज की दस बसों को पुलिस लाइन में भेजा गया है। इस बीच पैरा मिलिट्री फोर्स की दो और कंपनियों के झज्जर में भेजे जाने की सूचना है। आंदोलन के चलते 22 फरवरी तक सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है, साथ ही प्रशासनिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। जाट आंदोलन के चलते झज्जर जिले में सड़क एवं रेल यातायात पूरी तरह से ठप है। गुड़गांव को छोड़ कर शेष सभी प्रमुख मार्ग यहां बंद हैं। झज्जर का आसपास के दूसरे जिलों से पूरी तरह से संपर्क टूट गया है। आरक्षण को लेकर सरकार से प्रथम चरण की वार्ता विफल होने के बाद अब आंदोलन के और फैलने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गांव कबुलपुर में वीरवार को 400 केवी पावर हाउस की बिजली बंद कर जाटों ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। अब गांवों के लोकल रास्तों को भी बंद करने के लिए कट लगाए जा रहे हैं। जाम के कारण दो हजार के करीब ट्रक फंसे हुए हैं। इनमें भरी खाद्य सामग्री अब खराब होने लगी है।
कानून व शांति व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशाजिलाधीश अनीता यादव ने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके चलते अब पांच व अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने सहित विभिन्न प्रकार के हथियार रखने पर पाबंदी लगा दी है। जिलाधीश द्वारा कहा गया है कि जाट आरक्षण के आंदोलन के कारण जिला में कानून व शांति व्यवस्था बिगड़ने और जान माल की हानि होने की संभावना है।
22 फरवरी तक स्कूलों, कॉलेजों में अवकाशजींद व रोहतक में जाट आंदोलन की आंच शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने की सूचना के बाद जिला प्रशासन भी सचेत हो गया है। वीरवार को डीसी अनीता यादव ने 22 फरवरी तक जिले के तमाम सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी। डीसी ने बताया कि जाट आंदोलन के चलते बने हालात में स्थिति को ठीक रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थान इन आदेशों की पालना करें।
परिवेदना समिति की बैठक स्थगितमुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की 19 फरवरी को सुबह 11 बजे स्थानीय पंचायत भवन में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है। जाट आंदोलन के चलते यह कदम उठाया गया है। नगराधीश संजय राय ने बताया कि बैठक की अगली तारीख शीघ्र ही घोषित की जाएगी।
बॉक्सिंग चैंपियनशिप भी रद्द16 वीं सीनियर पुरुष जिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप जोकि 20 फरवरी को स्थानीय जहांआरा स्टेडियम में होनी थी को रद्द कर दिया गया है। जिला बॉक्सिंग के कार्यकारी प्रधान कोच हितेश देशवाल ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बॉक्सिंग चैंपियनशिप को अभी रद्द किया गया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद जल्द ही चैंपियनशिप की तिथि की घोषणा की जाएगी।