बहादुरगढ़। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से नेहरू कॉलेज झज्जर में आयोजित किए गए जिला युवा महोत्सव में शहर की आईटीआई के विद्यार्थियों ने अपना परचम लहराया। यह कार्यक्रम दो दिनों तक चला। युवा महोत्सव के प्रथम दिन 7 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दूसरे दिन आयोजित की गई प्रतियोगिताओं में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बहादुरगढ़ की तरफ से 22 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
उत्सव के दूसरे दिन लोकगीत सोलो, लोकगीत समूह, लोकनृत्य सोलो, लोक नृत्य समूह, प्रतियोगिता श्रेणी की विधाएं आयोजित की गई। एडीसी सलोनी शर्मा ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस युवा महोत्सव में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बहादुरगढ़ की कोपा व्यवसाय की छात्रा कुमारी वर्षा सिंह ने भाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान पाया। वहीं मोहित और सागर एमएमवी छात्र ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। मोहित, कोपा छात्र ने फोटोग्राफी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कुमारी खुशी, स्टैनो इंग्लिश छात्रा ने कहानी लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।