गुरुग्राम व दिल्ली की ओर जाने जाने वाले वाले ओवरलोड वाहनों की शिकायतों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार की रात आरटीए की टीम ने यहां झज्जर-छुछकवास मार्ग पर छापेमारी कर एक दर्जन के करीब ओवरलोडिंग वाहनों को अपने कब्जे में लेकर करीब सात लाख रुपये के चालान काटे। एकाएक मिली आरटीए की छापेमारी की सूचना के बाद इस मार्ग से गुजर रहे ओवरलोडिंग वाहनों के चालकों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने टीम की सूचना के बाद वहां से अपने ओवरलोड वाहनों को भगा ले जाने का भी प्रयास किया। लेकिन आरटीए की टीम द्वारा सजगता के साथ इन सभी को काबू कर लिया गया। टीम करीब एक दर्जन ओवरलोड वाहनों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें सिटी थाने ले आई। यहां उन्हें सिटी पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों के हवाले कर दिया गया। विभाग से मिली जानकारी अनुसार ओवरलोड के चलते काबू किए गए इन वाहनों के कागजात लिए गए है और इन पर करीब सात लाख रुपये जुर्माना किया गया है। उधर विभाग के आरटीए के अनुसार पिछले कई रोज से विभाग को झज्जर क्षेत्र से आए दिन काफी संख्या में ओवरलोड वाहनों के गुजरने की शिकायतें मिल रही थी। इसी के चलते ही बीती रात एक विशेष अभियान के तहत एक दर्जन के करीब ओवरलोड वाहनों को कब्जे में लिया गया है। उन्होंने आगाह किया कि विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई आए दिन की जाएगी।