साल्हावास पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंबुलिया गांव में एक हेयर ड्रेसर की दुकान का चोरों ने ताला काट कर इनवर्टर व बैटरी चोरी कर ली हैं। दुकान के पास पंचायत की तरफ से लगाए गए सीसीटीवी की दिशा भी चोरों ने दूसरी तरफ बदल दी और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामले की जानकारी दुकानदार को सुबह उस समय मिली जब वह अपनी दुकान पर आया।
बंबुलिया गांव निवासी शेर सिंह का कहना है कि वह अपनी दुकान बढ़ा कर रात के समय अपने घर पर गया था। जब सुबह दुकान पर आकर देखा तो दुकान का ताला आरी से काटा हुआ था और वहां पर रखें इनवर्टर बैटरी गायब थे। जब उन्होंने दुकान के नजदीक खंभे पर लगे सीसीटीवी देखे तो उनकी दिशा भी दूसरी तरफ बदली हुई थी। चोरों ने पहले सीसीटीवी की दिशा बदली है और उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी है। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि फिलहाल तक गांव में लगे सीसीटीवी की फुटेज नहीं देखी गई है। उनका कहना है कि पुलिस ने शाम के समय सीसीटीवी की फुटेज देखने के लिए आना था, लेकिन शाम के समय पुलिस गांव में नहीं आई।
वर्जन
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा दिया जाएगा।
सुरेश कुमार, पुलिस थाना प्रभारी, साल्हावास।