बहादुरगढ़। झज्जर रोड पर गांव नूना माजरा के पास ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। जिससे बाइक सवार एक बच्चे समेत भाई बहन नीचे सड़क पर गिर गए। ट्रक का पहिया मासूम के सिर से उतरने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। भाई बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
गांव दुल्हेड़ा निवासी योगेश पुत्र बनी सिंह अपनी बहन द्वारका दिल्ली निवासी प्रीति और दो वर्षीय भांजे वेदांत को बाइक पर लेकर से द्वारका से गांव में आ रहे थे। झज्जर रोड पर जब वे गांव नूना माजरा की गोशाला के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने बाइक में साइड मार दी। इससे तीनों बाइक से गिर सड़क पर गिर गए। ट्रक का टायर वेदांत के सिर के ऊपर से उतर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रीति और योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने योगेश व प्रीति को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक को कब्जे में ले लिया। दोनों घायलों के बयान पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।