बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी क्षेत्र और सेक्टर-17 फुटवियर पार्क में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, जबकि एचएसआईआईडीसी स्थित एक फैक्ट्री में दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। आग की भयावहता को देखते हुए बहादुरगढ़ के अलावा रोहतक, झज्जर और दिल्ली से भी दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं और देर तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 स्थित प्लॉट नंबर-261 में संचालित शांति इंटरप्राइजेज में अचानक आग लग गई। यह फैक्ट्री रबड़ शीट से गद्दे (मैट्रेस) बनाने का कार्य करती है। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय करीब 15 कर्मचारी फैक्ट्री में कार्यरत थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग की चपेट में आने से दो श्रमिक मोनू (30), निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) और दीपक (25), निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से उठीं आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में साथ लगते प्लॉट नंबर-262 स्थित दो मंजिला आरकेसी लेमिनेट लिमिटेड भी आ गई। इस फैक्ट्री में रेगजिन निर्माण का कार्य होता है। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती तौर पर छह दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए रोहतक, झज्जर और दिल्ली से अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। फायर ब्रिगेड कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
उधर, सेक्टर-17 स्थित फुटवियर पार्क की एक फैक्ट्री में भी भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। शांति इंटरप्राइजेज के मालिक हिमांशु, निवासी दिल्ली बताए गए हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा।