डीघल टोल पर ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे।संवाद
बेरी। नेशनल हाईवे पर स्थित गांव डीघल में बने टोल प्लाजा पर ट्रांसपोर्टरों ने सोमवार से बेमियादी धरना शुरू कर दिया। राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा ट्रक और ट्रांसपोर्ट सारथी संंगठन के नेतृत्व में डीघल टोल पर धरना शुरू किया गया है।
गांव शेरिया निवासी जसविंद्र ने बताया कि डीघल टोल पर धरने पर बैठे लोगों में 5 लोगों की कमेटी बनाई गई। कमेटी के नेतृत्व में धरना चल रहा है और धरने पर आने वाले लोगों के लिए लंगर की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। धरने पर लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित नए कानून के विरोध में ट्रांसपोर्टरों ने धरना शुरू किया है। जब तक यह कानून वापस नहीं लिया जाता तब तक डीघल टोल पर बेमियादी धरना जारी रहेगा। इस मौके पर नरेश गोच्छी, सुरेश करौंथा, संजीत मदाना, कुलदीप शेरिया, पूर्व सरपंच मांगेराम आदि मौजूद रहे। टोल प्लाजा प्रबंधक दीपक का कहना है कि धरना एक तरफ साइड में शांतिपूर्ण चल रहा है। टोल पर गुजरने वाले वाहनों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो रही है।