-फोटो 54 : अस्पताल में लगी नेत्र जांच कराने वाले लोगों की भीड़। संवाद
बहादुरगढ़। बढ़ते प्रदूषण का सीधा प्रभाव आंखों पर पड़ रहा है। एक अनुमान के मुताबिक शहर के नागरिक अस्पताल में अनेक बीमारियों के करीब 20 फीसदी मरीज बढ़ गए हैं। 15 से 20 फीसदी मरीज सांस और आंखों में जलन की समस्या के पहुंच रहे हैं। पहले 70 से 80 मरीजों की ओपीड़ी होती थी, जोकि अब 100 के पार जा रही है।
प्रदूषण की स्थिति बुधवार को काफी खतरनाक रही। जहरीली हवा ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आंखों, त्वचा, अस्थमा, सांस फूलने, जुकाम के रोगी पहुंच रहे हैं। इनको उचित परामर्श के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
न के बराबर होते थे इस समय आंखों के मरीज, प्रदूषण के बाद बढ़ रही है संख्या
नागरिक अस्पताल में नेत्र चिकित्सक डॉ. मालविका ने बताया कि अमूमन इन दिनों में आंखों के मरीज न के बराबर ही आते थे, लेकिन अबकी बार क्षेत्र में बढ़े प्रदूषण के बाद प्रतिदिन 15 से ज्यादा मरीज आंखों में एलर्जी के पहुंच रहे हैं। इस बार एलर्जी भी अलग तरह की है। प्रदूषण के कारण आंखें लाल हो रही हैं और इनमें से पानी निकल रहा है।
प्रदूषण से बचाव
बाइक चलाते समय आंखों पर चश्मा लगाएं, फिलहाल सुबह-शाम टहलने से बचें, धुआं न होने दें, कोई कूड़ा जलाता है तो मना करें, घर के सामने सड़क पर पानी का छिड़काव करें, बाहर निकलें तो मुंह पर रुमाल या मास्क पहनें।