बादली। एक दिन पहले बामडोला गांव में एक पेट्रोल पंप पर अज्ञात बदमाशों ने गन प्वॉइंट पर ढाई लाख लूटने के दौरान सेल्समेन से लूटा मोबाइल 8 किलोमीटर दूर याकुबपुर गांव में सड़क पर पड़ा मिला। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई है। डीएसपी अशोक कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।
एक दिन पहले रात के समय श्रीराम फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन चंद्रफूल से गन प्वॉइंट पर बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए थे। जानकारी अनुसार मंगलवार रात को सफेद रंग की गाड़ी में चार युवक आए और पेट्रोल पंप पर 2100 रुपये का तेल डलवाया। गाड़ी में तेल डलवाने के बाद दो युवक सेल्समैन के पास पहुंचे और पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देते हुए ढाई लाख रुपय लूट लिए थे।
चार टीमें गठित
लूट की वारदात में शामिल बदमाशों को पकड़ने में चार अलग-अलग टीमें जुट गई है। थाना प्रभारी सहित पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में नाकाबंदी बढ़ा दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अशोक कुमार, डीएसपी, बादली।
पुलिस लुटेरों का स्कैच तैयार करवाने में लगी
लूट के बाद बदमाश सेल्समैन का मोबाइल फोन भी लूट ले गए थे। पुलिस रातभर सेल्समैन के मोबाइल नम्बर को ट्रेस करने में लगी रही, लेकिन मोबाइल बंद होने के चलते ट्रेस नहीं हो सका। सुबह सेल्समैन का मोबाइल याकुबपुर गांव के पास सड़क किनारे मिला है। अब पुलिस लुटेरों का स्कैच तैयार करवाने में लगी है।
एक सप्ताह में लूट की दूसरी वारदात
बादली पुलिस थाने की बात की जाए तो एक सप्ताह में यह दूसरी लूट का मामला है। चार दिन पहले खेड़का गुज्जर गांव के पास एक ईंट-भट्ठे पर मजूदरों को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस इस मामले में लुटेरों तक पहुंची भी नहीं थी कि बामडोला गांव में फीलिंग स्टेशन पर लूट की वारदात हो गई।
नहीं थे सीसीटीवी
रात के समय जिस पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात हुई। वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पंप अभी निर्माणाधीन है और सीसीटीवी लगवाए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस के सामने लुटेरों तक पहुंचने की चुनौती बन गई है। हालांकि कुछ दिन पहले ही माछरौली बैंक में लूट के बाद पुलिस अधीक्षक ने भी सभी बैंक और पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी प्राथमिकता को तौर पर लगवाने के आदेश जारी किए गए थे।