शुक्रवार से बादली में ही वाहनों चालकों के लिए लाइसेंस बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। वाहनों का पंजीकरण भी अब बादली तहसील कार्यालय में किया जाएगा। इसके लिए कार्यालय में कर्मचारी नियुक्त हो गया है। कार्यालय में पूरा काम आनलाइन होगा जिसके बाद अब बादली हरियाणा में ऐसी तहसील बन गई है जिसके वाहन पंजीकरण और लाइसेंस संबंधी सभी कार्य आनलाइन होंगे। बादली में अतिरिक्त कार्यभार संभालने वाले क्लर्क सुरेन्द्र धनखड़ ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले कई माह से लंबित पड़ी फाइलों की जांच की है क्योंकि बसंत उत्सव के दौरान लगाए गए मेले में जो फाइलें लाइसेंस के लिए आई थी वह भी अभी तक पेंडिंग पड़ी है। पिछले चार माह में सैकड़ों फाइलें जमा हुई मगर किसी भी पर भी काम नहीं हुआ है मगर अब सभी फाइलों को प्राथमिकता के तौर पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पंचकूला ऐसा कार्यालय है जिसमें पंजीकरण संबंधी कार्य आनलाइन होते हैं मगर अब झज्जर के बादली में भी सभी कार्य आनलाइन शुरू हो गए हैं इसके लिए शुक्रवार को ही ट्रायल हो गए हैं।