प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई सक्षम युवा योजना के तहत जिले में 466 पात्र युवाओं को रोजगार दिया गया है। योजना के प्रारंभ में पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को शामिल किया गया था। वहीं वर्तमान में सरकार ने सक्षम युवा रोजगार योजना का दायरा बढ़ाते हुए ग्रेजुएट बीटेक, बीई बीएससी और बीए विद मैथ को भी शामिल करने का निर्णय लिया है। बता दें कि पात्र युवाओं को रोजगार विभाग की साइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदित युवाओं को उनके कौशल के अनुसार सरकारी विभागों में प्रत्येक माह 100 घंटे का रोजगार देने का प्रावधान है। 100 घंटे कार्य के लिए पोस्ट ग्रेजुएट को प्रतिमाह नौ हजार तथा ग्रेजुएट को 7500 रुपये मानदेय दिया जाएगा।
यहां लगी है सक्षम युवाओं की ड्यूटी
उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जिला ग्रामीण विकास अभिकरण विभाग में 172 सक्षम युवा कार्य कर रहे हैं। इनकी जिले को झिलमिल बनाने में अहम भूमिका रही है। अब इन युवाओं को ओडीएफ पल्स अभियान के साथ जोड़ा गया है। शहरी क्षेत्र को भी खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सक्षम युवाओं की मदद ली जा रही है। इसके तहत बेरी नगरपालिका में 20, बहादुरगढ़ में 44 और झज्जर नगरपालिका में 38 सक्षम युवाओं को लगाया है। उपायुक्त ने बताया कि इसके अतिरिक्त पंचायतीराज, पुलिस, निर्वाचन, बिजली, रोजगार, स्वास्थ्य और जिला सूचना केंद्र विभाग की मांग के अनुसार योजना के तहत पंजीकृत सक्षम युवाओं को रोजगार दिया है।
वर्जन
जिला रोजगार अधिकारी नृपेद्र सिंह सांगवान ने बताया कि जिले में अगले माह लगभग 600 सक्षम युवाओं को रोजगार देने की योजना है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र युवा अपना पंजीकरण विभाग की वेबसाइट पर करवा सकते हैं। शिक्षित युवा की पारिवारिक वार्षिक आय तीन लाख से कम होनी चाहिए। पात्र सक्षम युवा को योजना का लाभ तीन साल तक मिलेगा।