लाइनपार क्षेत्र स्थित श्मशान घाट में चिता के साथ छेड़छाड़ करके तंत्र क्रिया करने मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। लोगों ने शक के आधार पर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया है।
दरअसल, राधेश्याम गुप्ता नाम के एक व्यक्ति का निधन हो गया था। उसका अंतिम संस्कार लाइनपार के श्मशान घाट में किया गया था। बुधवार सुबह मृतक राधेश्याम के परिवार के लोग योगेश, रवींद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, नरेंद्र, संदीप व सियाराम अस्थियां एकत्रित करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे तो वहां पर चिता के साथ छेड़छाड़ हुई मिली और शराब की आधी बोतल, मिठाई, इत्र की बोतलें, सिंदूर और पूजा की अन्य सामग्री पड़ी मिली। परिजनों को चिता के साथ छेड़छाड़ और तंत्र क्रिया करने का शक हुआ। इस पर उन्होंने चौकीदार से पूछताछ की। लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसी दौरान वहां पर एक युवक पहुंचा। जब उन्होंने उस युवक से वहां पहुंचने का कारण पूछा तो उसने चाय पीने की बात कही। इस पर परिजनों को शंका हुई और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक गुप्ता के परिजनों ने बताया कि ताले लगे श्मशान घाट में बिना किसी की मिलीभगत के तंत्र क्रिया संभव नहीं है। इसमें कई अन्य लोगों का भी हाथ हो सकता है। पुलिस को शिकायत देते हुए अरुण कुमार ने बताया है कि यहां मासूम बच्चों की मौत के बाद उन्हें दफनाया भी जाता है। ऐसे में कहीं अन्य कोई तंत्र क्रिया तो किसी के साथ नहीं की गई है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। मामले में लाइनपार पुलिस थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने कहा कि मामले में जांच चल रही है। पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।