-फोटो 54 : गांव खरहर में इसी स्थान पर किया जा रहा है जमीन पर कब्जा।
बहादुरगढ़। गांव खरहर में श्मशान घाट के नजदीक वाले रास्ते पर गांव के ही एक व्यक्ति पर पंचायती जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। ग्रामीणों ने सरपंच के साथ मिलकर शिकायत बीडीपीओ, डीडीपीओ और उपायुक्त से की है। बीडीपीओ ने मौके पर अवैध कब्जा रुकवाने की भी बात कही है। साथ ही जमीन की निशाानदेही करवाने के लिए तहसीलदार को भी पत्र लिखा गया है।
उपायुक्त को दी शिकायत में गांव की सरपंच पिंकी देवी, पंच विजय, मोनू, महिपाल राठी, ज्ञानी, मनोज, सुरेंद्र, बलराज, संजय नंबरदार, अनिल पंच, अमित पंच ने बताया कि श्मशान की तरफ जाने वाले रास्ते पर फिरनी की तरफ गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा करके चहारदीवारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पंचायती जमीन करीब 151 वर्ग गज है। यहां पास ही गांव के किसी व्यक्ति ने जमीन खरीदी है। ऐसे में वह पंचायती जमीन पर भी साथ में कब्जा कर रहा है। सरपंच ने गांव के मौजिज लोगों के साथ मौके पर जाकर कब्जा रुकवाने की कोशिश की तो वह झगड़े पर उतारू हो गया। ग्रामीणों ने अब बीडीपीओ, डीडीपीओ और उपायुक्त को शिकायत देकर पंचायती जमीन पर अवैध कब्जा रुकवाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत देने के बाद भी वह पंचायती जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कर रहा है।
वर्जन
खरहर में पंचायती जमीन पर कब्जा करने की शिकायत मिली है। मौके पर गया था। अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई थी कि वे कोई निर्माण न करें। अगर कोई निर्माण करके अवैध कब्जा अब भी कर रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तहसीलदार को पत्र लिखकर मौके ही निशानदेही करने की मांग की गई है।उमेद सिंह, बीडीपीओ, बहादुरगढ़।