झज्जर। डीसी शक्ति सिंह ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कोई चालक गलत दिशा में बस चलाता मिले तो उसपर सख्त विभगाीय कार्रवाई करें। अवैध कट तुरंत बंद कराने के लिए कहा गया।
डीसी लघु सचिवालय स्थित सभागार में बुधवार को सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डीसीपी लोगेश कुमार ने बैठक में यातायात संबंधी नियमों का पालन कराने के लिए उठाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। डीसी ने जीएम रोडवेज को निर्देश दिए कि अगर कोई रोडवेज ड्राइवर गलत दिशा में बस चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा एजेंडे में शामिल बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि जिला की सीमा के भीतर से गुजरने वाले राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों को तुरंत बंद कराया जाए। डीसी ने यातायात प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने एरिया से संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) व संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करें। इस अवसर पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीएफओ विपिन कुमार सिंह, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह, चहल, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, डीडीडीपीओ निशा तंवर, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुमित कुमार उपस्थित रहे।