झज्जर। पंडित श्री राम शर्मा विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. अशोक दीक्षित ने कहा कि एक अक्तूबर को श्रीराम पार्क एवं ओपन थियेटर की जमीन पर पंडित श्री राम शर्मा की जयंती मनाई जाएगी। इसकी अनुमति के लिए प्रशासन को पत्र लिखा हुआ है। यदि प्रशासन अनुमित देता है तो ठीक अन्यथा इसी पार्क के सामने ही कार्यक्रम होगा।
वह वीरवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर को रोहतक में भी पंडित श्री राम शर्मा की जयंती मनाई जाएगी। इस दिन मुख्यंमंत्री मनोहरलाल भी रोहतक में होंगे। कार्यक्रम में आने को लेकर सीएम से अपील की गई है। यदि वह नहीं आते हैं तो फिर भी सीएम से मिला जाएगा और इस पार्क के निर्माण की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि झज्जर में होने वाले जयंती समारोह की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। राजनीति से ऊपर उठकर हमने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है और सबसे सहयोग मांगा है। यथास्थिति पार्क की चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोर्ट में विचाराधीन है और सुनवाई की 10 तारीख लगी है। कोर्ट जो फैसला करेगा, हम उसका सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि भू माफिया ने जो स्थिति बनाई है, उनको बेनकाब किया जाना चाहिए। उसकी विजिलेंस जांच होनी चाहिए। वह लोग सामने आने चाहिए। 1996 से लेकर अब तक जो षड्यंत्र किया गया, उसका पर्दाफाश होना चाहिए। हम जयंती कार्यक्रम में जनता से पूछेंगे कि हमें क्या करना होगा। सत्याग्रह, भूख हड़ताल या धरना करेंगे, वह फैसला किया जाएगा। उससे पहले शासन व प्रशासन को विजिलेंस जांच करवाए ताकि षड्यंत्रकारियों का पता लग सके। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर को जनता फैसला करेगी कि दो अक्तूबर से सांकेतिक या लगातार धरना दिया जाएगा। इसमें पंडित श्री राम शर्मा के पौत्र अंशु शर्मा निवेदक के रूप में आएंगे।