बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (एआईकेकेएमएस) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली में जंतर-मंतर पहुंचकर धरने पर बैठे पहलवानों की मांगों का समर्थन किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए जुलूस निकाला।
एआईकेकेएमएस के अध्यक्ष कामरेड सत्यवान ने धरने पर मौजूद पहलवान और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। ये हमारे देश की शान हैं। हम अपनी बेटियों के साथ अन्याय को सहन नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जब पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला पहलवान ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम महिला कैसे सुरक्षित होगी।
संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडोठी और एआईयूटीयूसी के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र सिंह ने कहा कि यौन उत्पीड़न के आरोपी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और उन्हें उनके पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। बड़े ही दुख और शर्म की बात है कि विश्व विख्यात पहलवानों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, तो देश की आम महिलाएं कैसे सुरक्षित होंगी। बीजेपी का नारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एक थोथा नारा है, ढोंग है, दिखावा है। जब सत्ता में बैठे लोग ही ऐसा करेंगे, तो गुहार किसके सामने लगाई जाएगी? इस अवसर पर ईश्वर सिंह राठी, हंसराज राणा, जयकरण दहिया, सुरेश कुमार, रोहताश सिंह, बस्तीराम, जय किशन दलाल रणसिंह, रामकिशन, शिवप्रसाद तथा अन्य उपस्थित थे।