झज्जर। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे ब्लाइंड व शार्प मुड़ाव को चिह्नित करें जहां दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। ऐसे स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए तत्काल और स्थायी समाधान की रिपोर्ट तैयार करें।
वह शुक्रवार को लघु सचिवालय सभगार में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश रहे थे। उन्होंने सड़कों पर टहनियों की ट्रिमिंग और ब्लाइंड मोड पर झाडिय़ों की सफाई सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
शहरों के सभी प्रवेश व निकास प्वाइंट पर रोड मार्किंग, सेफ्टी डिवाइस जैसे रोड स्टैंड्स, कैट्स आई लगाए जाएं। जहां सड़क मार्ग, अंडरपास, फ्लाइओवर आदि के निर्माण के लिए प्रक्रिया चल रही हैं वहां साइन बोर्ड व अन्य जरूरी व्यवस्था की जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना ना हो।
ट्रैफिक नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के चालान काटे जाएं। सड़क दुर्घटना की संभावित लोकेशन की पहचान करें। सड़क के डिजाइन में कोई गलती है तो इसकी रिपोर्ट तैयार करें।
मौके पर एसडीएम झज्जर अंकित कुमार चौकसे, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, डीएफसी साहिति रेड्डी, एसडीएम बादली डॉ. रमन गुप्ता, सीटीएम नमिता कुमारी, डीडीपीओ निशा तंवर, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग सुमित कुमार उपस्थित रहे।
म्हारी सड़क ऐप पर हर शिकायत का हो समाधान
डीसी ने कहा कि म्हारी सड़क ऐप पर अपलोड होने वाली हर शिकायत का प्राथमिक स्तर पर गंभीरता से वेरिफिकेशन किया जाए और संबंधित विभागीय अधिकारी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का अलग-अलग वर्गीकरण कर उनकी प्रकृति के अनुरूप प्राथमिकता तय करें।