गांव आसंडा के बलजीत हत्याकांड का मामले में पत्नी ने नया खुलासा किया है। आरोपी पूजा का कहना है कि उसका पति उससे रोज मारपीट करता था इसलिए उसने पति को दही में नींद की गोली दे दी। इसके बाद पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पूजा का कहना है पति की हत्या करने से लेकर उसके शव के टुकड़े-टुकड़े करने तक की सारी वारदात में सिर्फ उसका ही हाथ था।
जिन युवकों का एफआईआर में नाम सामने आया है उन्होंने इस वारदात में अपना हाथ नहीं होने की बात कही है। हालांकि युवकों ने यह जरूर माना है कि वे पूजा से फोन पर बातचीत जरूर करते थे। अब पुलिस सभी आरोपियों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात से लेकर शव को ठिकाने लगाने तक की योजना बनाने में किसकी क्या भूमिका रही है। आरोपी पूजा ने बताया कि उसका पति किसी न किसी बात को लेकर उसे टार्चर करता था। इससे तंग आकर उसने दही में नींद की दो गोली मिलाकर उसको दे दी थी। सो जाने के बाद उसके हाथ-पांव चुन्नी से बांधकर दूसरी चुन्नी से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को ठिकाने लगाने व भेद न खुलने देने के लिए उसके तेजधार फरसे से कई टुकड़े कर दिए।
पुलिस के गले नहीं उतर रही पूजा की बात
मृतक के परिवार व गांव के अनेक लोग पूजा के बयानों पर सवाल उठाते हुए इस घटनाक्रम में उसके परिचितों के शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पूजा की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही कि अकेली महिला हत्या करने के बाद में शव के कई टुकड़े-टुकड़े कैसे कर सकती है। मृतक के भाई-बहनों ने कहा कि बलजीत को उसकी पत्नी हमेशा प्रताड़ित करती थी और उसके संबंधों पर एतराज करने की वजह से ही पूजा ने बलजीत की हत्या की है। शुक्रवार को इस मामले में मृतक के परिजन व कुछ अन्य ग्रामीण यहां पहुंचे। उन्होंने थाना सदर प्रबंधक रणधीर सिंह से मिलकर इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
यह था मामला
बलजीत की हत्या के बाद दर्ज एफआइआर से लेकर आरोपी पत्नी पूजा की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जो खुलासा किया था, उसमें यही बात सामने आई थी बलजीत उर्फ टिंकू की हत्या उसकी पत्नी पूजा ने अपने पांच अन्य परिचितों के साथ मिलकर की थी। इसी बयान के आधार पर पुलिस अपनी जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ा रही थी। अब रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी पूजा के नए बयान ने पुलिस को भी उलझा दिया है। हालांकि पुलिस अधिकारी नए बयानों की सच्चाई की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। लेकिन इन बयानों को भी ध्यान रखते हुए जांच को जरूर आगे बढ़ा रहे हैं।