मंडी अटेली। कनीना और अटेली हल्के का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता में है। विपक्ष के नेता पार्टी की लोकप्रियता से इतने घबरा गए हैं कि उन्हें कोई मुद्दा नहीं मिला तो झूठा प्रचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अहीरवाल की बेटी हूं इस नाते से अटेली भी मेरी है। यह बात अटेली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी आरती सिंह राव ने ग्रामीण क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने भड़फ, कनीना, मोहलड़ा, खैरानी, राताकला, राताखुर्द, महासर, कारिया, खारीवाड़ा में ग्रामीण जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अटेली हल्के से विशेष लगाव है। इसलिए यह सौभाग्य है कि पार्टी ने मुझे इस क्षेत्र से चुनाव लड़ने व सेवा करने का मौका दिया है।
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में युवा, बुजुर्ग, महिला, किसान, व्यापारी, मजदूर व गरीब वर्ग का विशेष ख्याल रखा है। गांवों में ग्रामीणों ने आरती सिंह राव का ढोल-नगाड़ों, पगड़ी बांध कर व फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर अटेली विधायक सीताराम यादव, प्रदेश कार्यकारिणी से सतबीर सेहलंग, विकास यादव, जय प्रकाश, ठाकुर विक्रम सिंह, लीलाराम पार्षद, नरेंद्र, सुरेश अत्री आदि उपस्थित थे।