बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद स्थित पीडीएम पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। प्रवेगा के नाम से आयोजित उत्सव में प्रिंसिपल सुमन हुड्डा व प्रशासक अनिल हुड्डा की ओर से स्कूल के टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से अभिभावकों के मन को छू लिया। सातवीं की छात्राओं ने ''मैं सूं हरियाणा की छोरी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रिंसिपल सुमन हुड्डा और स्कूल प्रशासक अनिल हुड्डा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। सातवीं और 11वीं के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना से माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रिंसिपल सुमन हुड्डा ने स्कूल की शैक्षणिक प्रगति के बारे में अभिभावकों को अवगत करवाते हुए विद्यार्थियों से भविष्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में जूनियर व सीनियर केजी के विद्यार्थियों ने एक जिंदगी मेरी गीत पर जबरदस्त नृत्य किया। 10वीं की छात्राओं ने राजस्थानी गीत पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। दूसरी-तीसरी कक्षा के अलावा पहली कक्षा के बच्चों ने मनमोहक डांस किया। दूसरी और तीसरी के विद्यार्थियों ने ''कंधों से मिलते हैं कंधे गीत पर जोशीली परफॉर्मेंस दी। चौथी कक्षा के बच्चों ने ऑल इज वेल पर शानदार प्रस्तुति दी। 5वी और छठी कक्षा के विद्यार्थियों ने ''भाड़ में जाए जनता गीत के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रहार किया। 5वीं, छठी और सातवीं की छात्राओं ने ''मैं सूं हरियाणा की छोरी गीत पर जोरदार नृत्य किया। 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों ने नचले गीत पर डांस किया। 8वीं के विद्यार्थियों ने मां की ममता को मंच पर दर्शाया। प्रिंसिपल और स्कूल प्रशासक ने विभिन्न कक्षाओं में टॉपर रहे विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। 12वीं के विद्यार्थियों ने भंगड़े से माहौल में जोश भर दिया। 9वीं की छात्राओं ने मल्हारी नृत्य तथा 9वीं-11वीं के विद्यार्थियों ने वराह रूपम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने कराटे के करतबों से अभिभावकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। स्कूल प्रशासक अनिल हुड्डा ने अंत में सभी का आभार जताया।