-फोटो 53 : लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करते अधिकारी। स्रोत पुलिस
बहादुरगढ़। यातायात पुलिस की ओर से शनिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका नेतृत्व केएमपी प्रबंधक नरेश सिंधु ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्दियों के मौसम में कोहरे और धुंध के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और ड्राइवरों और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना रहा।
इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध हास्य कलाकार रामवीर (कोहला नाई) ने अपने अनोखे अंदाज में यातायात नियमों की एक रोचक प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से ड्राइवरों को यह संदेश दिया गया कि कोहरे व धुंध के समय विशेष सावधानी बरतना न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए भी बहुत आवश्यक है।
उनकी प्रस्तुति के माध्यम से आमजन और वाहन चालकों को संदेश दिया गया कि सड़क पर चलते समय स्पीड लिमिट का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, फॉग लाइट और पार्किंग इंडिकेटर का सही प्रयोग व रांग पार्किंग से बचाव करके दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
पुलिस कमिश्नर डाॅ. राजश्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।