झज्जर। रविवार को साहिब श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में पंचायती गुरुद्वारा एवं बाबा नानक निष्काम सेवा समिति की ओर से विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन पंचायती गुरुद्वारा से शुरू होकर पूर्व विधायक बनारसी दास वाल्मीकि मार्ग, आंबेडकर चौक, अखंड ज्योति मंदिर, पंडित सतगुरु शर्मा कन्या विद्यालय, बाबा बालक नाथ मंदिर, चौधरी सुल्तान सिंह मार्ग, गुरुद्वारा चौक छावनी, सिलानी गेट, मां वैष्णों चौक, श्री हनुमान मंदिर,डायमंड चौक, नेता जी सुभाष चौक होता हुआ पंचायती गुरुद्वारा परिसर पहुंचा।
नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी की अगुवाई पंज प्यारों ने की। नगर कीर्तन में पंजाब से आई गतका पार्टी के सदस्यों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। विनीत पोपली ने बताया कि झज्जर में सिख आबादी थोड़ी है, लेकिन श्री गुरु ग्रंथ साहिब को मानने वाले गैर सिख लोगों की आस्था है कि प्रतिवर्ष भव्य नगर कीर्तन सिख मर्यादाओं को ध्यान में रखकर निकाला जाता है। उन्होंने बताया कि गुरु नानकजी ने अपना पूरा जीवन समाज को सुधारने में लगा दिया था। पोपली ने कहा कि सभी सदस्य नानक नाम चढ़दी कलां पर अमल करते हुए निष्काम सेवा में लगे हैं। विनीत पोपली ने बताया कि पंचायती गुरुद्वारा एवं बाबा नानक निष्काम सेवा समिति गुरुओं के वचनों पर चलते हुए सामाजिक कार्यों में भी लगी है।