बहादुरगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 2 व 3 दिसंबर को होने वाली एचटेट के सफल संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बहादुरगढ़ में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को बहादुरगढ़ के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उक्त परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए बारीकी से जायजा लिया गया। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने के लिए कहा। इनकी निगरानी में परीक्षा होगी।
डीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के नजदीक 200 मीटर परिधि में सभी फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेगी। डीएसपी धर्मवीर सिंह, एसडीएम राहुल मोदी, तहसीलदार नरेंद्र दलाल के अलावा अन्य कई अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर जाकर निरीक्षण किया। डीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बहादुरगढ़ में बाल विकास वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय औरंगाबाद, दिल्ली पब्लिक स्कूल 7 केएम स्टोन झज्जर रोड बहादुरगढ़, फाउंडेशन पब्लिक स्कूल नजदीक राम गैस एजेंसी झज्जर रोड, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहादुरगढ़, हरदयाल पब्लिक स्कूल नजफगढ़ रोड में परीक्षा केेंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी चालू हालत में मिले। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। बोर्ड की ओर से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2023 लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 2 दिसंबर शनिवार को दोपहर बाद 3 से शाम 5:30 बजे तक होगी। इसके अलावा लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा रविवार 3 दिसंबर को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इसी दिन लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर होगी।