झज्जर। रेवाडी बाईपास स्थित एक होटल के नजदीक गलत दिशा से आ रहे जेसीबी ने एक गाड़ी को टक्कर मार दी। जिसमें कार सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत पर जेसीबी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भिवानी के देवसर निवासी संजय ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 28 नवंबर को वह, कोट निवासी धर्मबीर, धर्मबीर का बेटा वंश तथा प्रवीन कार में बैठकर रेवाड़ी के भटसाना गांव मे शादी में रिश्तेदारी में गए थे। गाड़ी को धर्मबीर चला रहा था। बुधवार अल सुबह दो बजे वह शादी में भाग लेने के बाद वापस गांव जा रहे थे। जब वे सभी रेवाडी बाईपास स्थित नीलकंठ होटल के पास पहुंचे तो आगे से गलत दिशासे एक जेसीबी चालक लापरवाही से चलाता हुआ आया और गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। इससे सभी घायल हो गए। उनको सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनको रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां कोट निवासी प्रवीण को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर जेसीबी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।