एचएसआईआईडीसी द्वारा पुराने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के लिए जरूरत के मुताबिक दीवार बनाने का कबीर बस्ती के निवासी विरोध कर रहे हैं। बस्ती और औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली गलियों को दीवार बनाकर बंद किया जा रहा है जिसका बस्ती के लोग विरोध कर रहे हैं। दरअसल पुराने औद्योगिक क्षेत्र का एक मुख्य रास्ता कबीर बस्ती में भी खुलता है। इस मार्ग के जरिये कबीर बस्ती के निवासी सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन तक सीधे जाते हैं।
अगर इस गली के बाहर दीवार बना दी गई तो बस्ती के लोगों को सिविल अस्पताल के साथ वाले रोड से होकर हाइवे पर जाना पड़ेगा जो के काफी लंबा पड़ेगा। इसलिए लोग इस रास्ते को खुला रखना चाहते हैं। बुधवार को इस मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जब निर्माण शुरू हुआ तो बस्ती के लोगों ने विरोध करते हुए काम रुकवा दिया और निर्माणाधीन दीवार को धक्का देकर गिरा दिया। जिस पर ठेकेदार ने अधिकारियों को सूचित किया। मामला बिगड़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा।
-आप ने दिया दखल
बुधवार को ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शमशेर जून की अगुवाई में मौके पर पहुंचे। लोगों से बातचीत करने के बाद शमशेर जून ने कहा कि आम आदमी पार्टी बस्ती निवासियों के साथ है और अगर ये रास्ते बंद किए गए तो कालोनी निवासी व आप कार्यकर्ता लघु सचिवालय में आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। दीवार बनाने का विरोध करने वालों में लाला, नफे सिंह, मिंटू, ओमप्रकाश, राजेंद्र, जय, मीरा, भगवान, महेंद्र, पताशो, चमेली, अनीता, सुनीता, कलावती, मेवा, ओमपति व ज्ञानो शामिल थे।