बहादुरगढ़। शहर में 100 बेड के सरकारी अस्पताल को 200 बेड में अपग्रेड करने के लिए वर्षों पहले शुरू किया गया भवन निर्माण कार्य अब भी अधूरा पड़ा है। भाजपा नेता जसबीर सैनी ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की कई योजनाएं धरातल पर उतरने से पहले ही दम तोड़ देती हैं।
कहा कि करोड़ों रुपये खर्च के बावजूद भवन की सुध न लिए जाने से अब यह जर्जर होने लगा है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। सैनी ने कहा कि यह परियोजना पूर्व में ही स्वीकृत हो चुकी थी लेकिन वर्तमान में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा पुरानी योजनाओं को ही दोहराया जा रहा है जबकि इस महत्वपूर्ण अस्पताल भवन का विधानसभा सत्र में भी जिक्र नहीं किया गया। कई वर्षों से अधूरा पड़ा यह भवन अब कई जगह से जर्जर हो चुका है जिससे भविष्य में नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे इस मामले को सीएम के संज्ञान में लाएंगे।