टीकरी बॉर्डर पड़ाव में किसानों के साथ होली खेलतीं महिलाएं।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। होली का पर्व क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। बहादुरगढ़ में टीकरी बॉर्डर पर तीन कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर डटे किसानों ने भी खूब होली खेली। हरियाणा के पंडालों के आसपास जहां महिलाएं किसानों के साथ होली खेलती नजर्र आइं। वहीं किसान महिलाओं पर पानी डालते रहे। महिलाओं ने किसानों को खूब कोलड़े मारे। टीकरी बॉर्डर पड़ाव में डटे किसानों ने होली खेलते हुए कहा कि यह पर्व एक-दूसरे को रंग लगाकर मनाने का त्योहार है। इस दिन वे न केवल अपने घरों में इसे बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं बल्कि उन्होंने यहां पर इस पर्व का खूब आनंद लिया।
महिला किसानों ने कहा कि वे अपने घरों में वापस तभी जाएंगी, जब सरकार तीनों नए कृषि कानूनों को रद्द कर देगी। वे पिछले कई महीनों से यहां पर डटी हुई हैं और किसानों की खूब मदद कर रही हैं। किसानों का कहना है कि चार महीने से अधिक समय उन्हें यहां पर हो गया है। मगर केंद्र सरकार हठ पर उतरी हुई है और उनकी मांगों को दूर करना तो अलग, उनसे बातचीत भी नहीं की जा रही है। वे भी अपनी जिद्द पर अड़े हुए हैं और यहां से तभी हटेंगे, जब कानून रद्द हो जाएंगे।