बहादुरगढ़। होलाष्टक समाप्त होने के बाद अब शहर में शादी-विवाह का सीजन फिर से शुरू होने जा रहा है। 19 मार्च से चैत्र नवरात्र शुरू होंगे और इसके साथ ही सहालग के चलते बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। व्यापारियों का अनुमान है कि करीब 50 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो सकता है।
मार्च और अप्रैल के महीनों में काफी संख्या में शादी समारोह होने वाले हैं। इसके चलते शहर के बैंक्वेट हॉल, मैरिज पैलेस, होटल और वाटिका में बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। वहीं सगाई और अन्य मांगलिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
शादी सीजन को देखते हुए सर्राफा बाजार, कपड़ा बाजार, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और सजावट के सामान की दुकानों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। नजफगढ़ रोड पर एक वाटिका के संचालक दिनेश मित्तल ने बताया कि होटल, कैटरिंग और टेंट कारोबार से जुड़े लोगों ने भी बुकिंग के अनुसार व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
शहर की वाटिकाएं अप्रैल तक की तिथियां पहले से बुक हो चुकी हैं। कपड़ा दुकानदार पुरुषोत्तम गोयल ने बताया कि होली के बाद शुरू होने वाला सहालग और नवरात्र का समय स्थानीय व्यापार के लिए काफी अहम रहता है। बाजारों में पहले से ही स्टॉक बढ़ा लिया गया है।
इन तिथियों में होंगे विवाह
ज्योतिषाचार्य रमेश भगत ने बताया कि होलाष्टक समाप्त हो गए हैं। मार्च में विवाह के लिए 8, 9, 11, 12, 16, 17, 22 और 23 शुभ तारीखें हैं। 19 मार्च वीरवार से संवत 2083 का शुभारंभ होगा। उदयातिथि के अनुसार इस बार चैत्र नवरात्र 19 मार्च को ही शुरू होंगे।
-फोटो 88 : दिनेश मित्तल
-फोटो 89 : पुरुषोत्तम गोयल
-फोटो 88 : दिनेश मित्तल