कई दिन से गर्मी झेल रहे बहादुरगढ़ वासियों को सोमवार शाम कुछ राहत मिली। दिनभर की तपन के बाद शाम को आंधी के साथ मौसम बदला और बूंदाबांदी हुई। जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
मई की तरह जून का भी शुरुआती सप्ताह बेहद गर्म रहा। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो गया। रविवार के दिन तो बहादुरगढ़ का तापमान 47 डिग्री पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। हालांकि रविवार की रात आई तेज आंधी से मौसम में कुछ फर्क तो पड़ा, लेकिन सोमवार की दोपहर भी तेज गर्मी जारी रही। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। शाम करीब पौने पांच बजे मौसम बदला और तेज आंधी शुरू हो गई। अंधड़ के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। आंधी के बाद शाम पांच बजे कुछ देर तक बरसात भी हुई। बरसात से मौसम बिलकुल बदल गया। हालांकि बरसात कुछ देर ही हुई थी, लेकिन इसके बाद ठंडी हवाएं शुरू हो गईं। जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। सोमवार को सुबह सात बजे 30 डिग्री तापमान रहा। दोपहर 2 बजे 41, जबकि शाम पांच बजे 35 डिग्री तक तापमान पहुंच गया।