दिल्ली-बठिंडा रेल मार्ग पर लंबे समय से बंद पड़ी फिरोजपुर पैसेंजर गाड़ी बुधवार को फिर से रेलवे ट्रैक पर दौड़ी। दिल्ली-जींद स्पेशल की सुबह की गाड़ी का परिचालन बंद करते हुए उसके स्थान पर इस गाड़ी को चलाया गया है। पहले दिन यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से करीब 40 मिनट देरी से बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। रेल यात्रियों ने इस गाड़ी के चलने पर खुशी जताई है। रेलवे की ओर से पहले कोहरे के मौसम को ध्यान रखते हुए लंबे समय तक महत्वपूर्ण दिल्ली-फिरोजपुर पैसेंजर गाड़ी संख्या 54641-42 को बंद कर दिया था।
लेकिन जब मौसम साफ हुआ तो इसका पुन: परिचालन किया गया, लेकिन इसी बीच जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव के चलते रेलवे की ओर से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया था। हालात सामान्य होने पर 5-6 एक्सप्रेस ट्रेनों को तो यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए दिल्ली-बठिंडा मार्ग पर चला दिया गया था।
लेकिन पैसेंजर गाड़ियों के संचालन को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा। हालांकि कुछ दिनों पहले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली से जींद के बीच में दो स्पेशल पैसेंजर चलाई गई। एक गाड़ी अप पर तो दूसरी डाउन लाइन पर। इन दोनों स्पेशल से भी यात्रियों की परेशानी कुछ हद तक दूर हुई थी।
लेकिन अब दिल्ली से रोहतक की तरफ जाने वाली सुबह के समय स्पेशल ट्रेन को बंद कर उसके स्थान पर दिल्ली-फिरोजपुर पैसेंजर (54641-42) चलाई गई है। लेकिन अन्य पैसेंजर गाड़ियों को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी रहती है।
जल्द चलाई जाएं बंद ट्रेनें
बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन से 30 हजार से अधिक यात्री दिल्ली, रोहतक व अन्य जगहों के लिए सफर करते हैं, लेकिन पिछले महीने से यहां ट्रेनों की कमी यात्रियों को खल रही है। ऐसे में यात्रियों की संख्या में भी कमी देखने को मिल रही है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें व पैसेंजर न चलने से यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। कई बाद दैनिक यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर बंद हुई ट्रेनों के पुन: संचालन के लिए मांग की है।
बता दें कि बहादुरगढ़ के रास्ते 30 एक्सप्रेस तो 13 पैसेंजर ट्रेनें चलती थी। मगर अब चुनिंदा ही ट्रेनें ट्रैक पर दौड़ रही हैं।