अब तक पुलिस विभाग द्वारा दर्ज की गई शिकायतों पर कार्रवाई के बारे में जानकारी के लिए पीड़ित को बार बार थानों व चौकियों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन फिर भी विभाग की तरफ से संपूर्ण जानकारी न मिलने के कारण पीड़ित के लिए और भी परेशानी बढ़ जाती थी। इस परेशानी को कम करने के लिए व जनता का पुलिस के प्रति विश्वास व भरोसा कायम करने के लिए एसपी द्वारा जिले के सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश जारी किए गए हैं। महीने के आखिरी शनिवार व रविवार को सभी थानों व चौकियों में कैंप के माध्यम से जनता की शिकायतें सुनने व लंबित पड़े हुए मामलों पर कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को प्रदान करने की मुहिम छेड़ी गई है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस मुहिम द्वारा जनता का विभाग के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा और लंबित पड़े हुए मामलों पर जल्द से जल्द कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकेगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि लोगों को अपनी शिकायत पर कार्रवाई के बारे में जानकारी के लिए अब बार बार विभाग के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए जिले भर में हर एकथाने व चौकी के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि किसी भी शिकायतकर्ता की परेशानी को और बढ़ाने की बजाए उसे हल करने की कोशिश करें। उसके लिए महीने के हर अंतिम शनिवार व रविवार के दिन पीड़ितों की शिकायतों को सुनने व उनके प्रावधान के लिए जिले के हर थाने व चौकी में कैंप लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
क्या होगें एसपी द्वारा चलाई गई मुहिम का फायदे
इस मुहिम के लिए की जा रही एसपी की कोशिश का आम जनता को काफी फायदा मिलने वाला है। इसके अंतर्गत किसी भी थाना प्रबंधक की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी शिकायतकर्ता को की गई शिकायत की जानकारी कैंप में उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान थाने में एसएचओ के अलावा संबंधित मामले के आईओ की उपस्थिति आवश्यक होगी, ताकि शिकायतकर्ता को मामले में चल रही कार्रवाई की गहनता से जानकारी मिल सके। अगर कोई थाना प्रबंधकों द्वारा शिकायत पर चलाई जा रही कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है तो इसके बारे में एसपी को सूचना दे सकता है।
मामले पर एक महीने में उचित कार्रवाई न करने पर होगा जवाब तलब
पीड़ित की समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए पुलिस विभाग द्वारा सक्रियता बरती जा रही है। इस बारे में एसपी ने कहा कि इस मुहिम के अंतर्गत किसी भी शिकायत पर एक महीने के अंतर्गत उचित कार्रवाई अमल में लानी होगी और रिपोर्ट भी पेश करनी होगी। कैंपों में वे खुद भी चौकी थानों का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी विभागीय कर्मचारी ने इसमें लापरवाही बरतने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता को संबंधित मामले पर कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध करवानी होगी।
विभाग का कर्तव्य है कि पीड़ित की समस्या को जल्द से जल्द हल करने की कोशिश करें। इसके लिए सभी थानों व चौकियों में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसी भी विभागीय कर्मचारी की लापरवाही के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-एसपी जशनदीप रंधावा।