उपमंडल में 42वें एसडीएम के रूप में वीरवार को एचसीएस बैच-2011 की टॉपर रही मनीषा शर्मा ने कार्यभार संभाल लिया। मनीषा ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से कराना ही उनकी प्राथमिकता है जिसमें सभी विभागों का सहयोग जरूरी है। मनीषा शर्मा गन्नौर उपमंडल से स्थानांतरित होकर बहादुरगढ़ आई हैं। उन्होंने दिल्ली के श्रीराम महिला कालेज ऑफ कॉमर्स से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक की उपाधि ग्रहण की। फिर लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2011 में एचसीएस बनने के बाद उन्होंने सर्वप्रथम भिवानी में नगराधीश का पद ग्रहण किया। इसके उपरांत वह तोशाम की उपमंडल अधिकारी (ना.), गुड़गांव व फरीदाबाद की नगराधीश और पलवल व गन्नौर की उपमंडल अधिकारी (ना.) भी रह चुकी हैं। फरीदाबाद नगर निगम की सचिव का कार्यभार भी उन्होंने संभाला है। एसडीएम मनीषा शर्मा का कहना है कि प्रशासनिक सेवाएं देने के लिए वह कृत संकल्प हैं। प्रयास रहेगा की उपमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर कार्यवाही कराई जाए। बैठक में एसडीएम ने बीडीपीओ रामफल सिंह व तहसीलदार मातूराम से उपमंडल के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों व अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी ली।