पुलिस में विशेष अधिकारी के तौर पर 150 पूर्व सैनिकों की भर्ती की प्रक्रिया 15 जून से आरंभ होगी। पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह ने कहा कि 15 जून 2016 तक लघु सचिवालय झज्जर में स्थित जिला निरीक्षक के कार्यालय झज्जर तथा उप पुलिस अधीक्षक बहादुरगढ़ के कार्यालय से कोई भी पूर्व सैनिक जो नियम व शर्तों को पूरा करता हो आवेदन पत्र प्राप्त कर सकता है। संपूर्ण जानकारी सहित आवेदन पत्रों को जिला निरीक्षक झज्जर के कार्यालय में 15 जून 2016 से जमा कराया जा सकता है। आवेदन पत्रों की जांच पड़ताल की जाएगी। उसके बाद आवेदक पूर्व सैनिकों के पुलिस लाइन झज्जर में साक्षात्कार होंगे।
कोई भी पूर्व सैनिक जो निम्नलिखित शर्तों को पूरा करता हो वह आवेदन करने का पात्र होगा। जिसकी उम्र 25 से 50 साल के बीच हो। उसे अनुशासनहीनता कदाचार चिकित्सा अस्वस्थता के कारण सेवा से ना हटाया गया हो। सेना में कम से कम पांच वर्ष की सेवा होनी चाहिए। वही भूतपूर्व सैनिक केवल 1 वर्ष की अवधि के लिए 14000 रुपये के मासिक मानदेय पर रखे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित विशेष पुलिस अधिकारी को दो जोड़ा वर्दी एक जोड़ा जूते व अन्य आवश्यक वर्दी से संबंधित वस्तुओं की खरीद के लिए 3000 केवल एक बार में नकद दिए जाएंगे। चयनित विषेश पुलिस अधिकारियों को आकस्मिक अवकाश जो हरियाणा पुलिस के सिपाही के लिए लागू हैं के अनुसार प्रदान किया जाएगा। विशेष पुलिस अधिकारी अनुग्रह राशि के भी पात्र होंगे जैसे ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर दस लाख रुपये, स्थायी विकलांगता पर एक लाख से तीन लाख रुपये, गंभीर चोट पर एक लाख रुपये तक। भर्ती के समय कोई लिखित परीक्षा अथवा शारीरिक मापतोल का आयोजन नहीं होगा।