बैठक में हुए फैसलों की जानकारी देते कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष नफे सिंह राठी व अन्य ।
- फोटो : Bahadurgarh
कोरोना महामारी की वजह से पिछले काफी समय से रुकीं भारतीय शैली कुश्ती महासंघ की गतिविधियां फिर शुरू हो रही हैं। जूनियर नेशनल चैंपियनशिप और जूनियर हिंद केसरी का दंगल जम्मू में करवाया जाएगा। सीनियर नेशनल चैंपियनशिप और सीनियर हिंद केसरी का दंगल हरियाणा में होगा। ये फैसले शनिवार को बहादुरगढ़ में हुई भारतीय शैली कुश्ती महासंघ की बैठक में लिए गए।
भारतीय शैली कुश्ती संघ की बैठक शनिवार को शहर के गोरैया पर्यटन केंद्र में हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने की। बैठक में महासंघ का वार्षिक लेखा जोखा रखने के साथ ही भारतीय शैली की कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए चर्चा हुई। राठी ने कहा कि कोरोना की वजह से पिछले काफी समय से देश में भारतीय शैली कुश्ती संघ द्वारा आयोजन नहीं किया गया। जूनियर नेशनल चैंपियनशिप और जूनियर हिंद केसरी का दंगल जम्मू में करवाया जाएगा।
सीनियर नेशनल चैंपियनशिप एवं सीनियर हिंद केसरी का दंगल हरियाणा में करवाने का फैसला इस बैठक में लिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय शैली की कुश्ती इस देश का सबसे परंपरागत व पुराना खेल है, महाभारत काल में भी इसका जिक्र किया गया है। कुश्ती को हरियाणा के सबसे ज्यादा बच्चे खेलते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओलंपिक में भी भारतीय पहलवान अपनी क्षमता का लोहा मनवाएंगे।
महासंघ 1958 से अब तक हर साल हिंद केसरी का दंगल करवाता रहा है। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने के लिए भी हम प्रयासरत हैं और इससे संबंधित मुहिम भी शुरू की गई है। जिसके लिए लगभग 75 देशों ने मान्यता दी है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ से विचार विमर्श करने के बाद भविष्य में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। महासंघ ने सरकार से एसोसिएशन को ग्रांट देना बहाल करने की मांग की।