-फोटो 51 : दिल्ली-हरियाणा टिकरी बॉर्डर पर कार की तलाशी लेती पुलिस। संवाद
बहादुरगढ़। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बहादुरगढ़ हाई अलर्ट पर है। दिल्ली समेत अन्य सीमा क्षेत्र में सघन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में लगातार गश्त की जा रही है। थानों, पीसीआर, पीआरवी से लेकर खुफिया एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्कता रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। पुलिस हर इनपुट की गंभीरता से जांच कर रही है। हरियाणा-दिल्ली सीमा पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे होने के कारण बहादुरगढ़ पहले से ही संवेदनशील रहा है। इस कारण स्वतंत्रता दिवस पर यहां विशेष निगरानी बरती जा रही है। डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बॉर्डर क्षेत्र और शहरी इलाकों में सघन निगरानी रखी जा रही है।
होटल, रेस्टोरेंट से लेकर सघन आबादी वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों पर ध्यान रखा जा रहा है। होटल में ठहरने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है और रजिस्टर की जांच हो रही है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में दिल्ली से सटे बॉर्डरों पर 13 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं।
भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी
बहादुरगढ़-दिल्ली सीमा में भारी वाहनों की प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी है। दिल्ली की तरफ जाने वाली हर गाड़ी की चेकिंग की जा रही है। इसके बाद ही उसे दिल्ली की तरफ जाने दिया जा रहा है। बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 मोड़ पर, आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में जांच के बाद ही वाहन को आगे बढ़ने दिया जा रहा है।