झज्जर। स्वास्थ्य विभाग झज्जर की टीम ने सोमवार को एक व्यक्ति को भ्रूण लिंग जांच कराने के आरोप में माछरौली गांव से 5000 रुपये सहित काबू किया है। टीम ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीएनडीटी एक्ट व विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि जिस गाड़ी में अल्ट्रासाउंड किया गया था चालक उस गाड़ी को लेकर फरार होने में कामयाब रहा।
झज्जर के सिविल सर्जन को सूचना मिली थी कि जिले के किसी गांव में कुछ व्यक्ति गर्भवती महिलाओं को कहीं ले जाकर गाड़ी में पोर्टेबल मशीन से भ्रूण लिंग जांच करवाते हैं। इसकी एवज में मोटी रकम भी वसूलते हैं। इस पर सिविल सर्जन व जिला समुचित प्राधिकरण अथॉरिटी के चेयरमैन डॉ. संजय दहिया ने पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. ममता, डॉ. सुनीता, चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माछरौली, अजय कुमार, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार की टीम का गठन किया। 7 जून से यह टीम इस मामले पर नजर बनाए हुए थी। गुरुग्राम जिले के पातली गांव निवासी जयदीप पुत्र जगबीर सिंह से इस मामले में डॉ. ममता की बातें हुई और 13 जून को इस व्यक्ति ने कहा कि वह रेवाड़ी में वह किसी हाईवे पर या फिर किसी गाड़ी में भ्रूण की लिंग जांच करेगा। इसकी एवज में 65000 रुपये लेगा। डॉ. ममता ने झज्जर जिले के एक गांव से डमी ग्राहक के रूप में एक महिला को 65000 रुपये देकर लिंग जांच के लिए भेजा। इस दौरान झज्जर पुलिस थाने से सहायता लेकर विभाग की टीम उसके पीछे पीछे चल पड़ी। सोमवार को डमी ग्राहक के साथ माछरौली- कुलाना होते हुए रेवाड़ी बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां पर डमी ग्राहक को बुला कर रेवाड़ी बस स्टैंड एक गेट के पास खड़ी गाड़ी से जयदीप उतरा और वह बस स्टैंड में चला गया। गर्भवती महिला को बस स्टैंड के अंदर बुलाया जहां पर गाड़ी के अंदर बैठा कर उसको रेवाड़ी बस स्टैंड के पास बने मंदिर से तहसील रोड पर ले गए। ब्रास मार्केट के पीछे गाड़ी में महिला का अल्ट्रासाउंड किया गया। महिला ने गाड़ी से उतरकर टीम को इशारा कर दिया। जिसके बाद गाड़ी चालक टीम को आता देख गाड़ी लेकर भाग गया। डमी ग्राहक ने टीम को बताया कि गाड़ी वाले ने उससे 65000 रुपये लिए और जब उसने अल्ट्रासाउंड करने के बाद रिपोर्ट के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसी को गाड़ी वाले ने कुछ रुपये वापस उसे दे दिए और कहा कि इसकी रिपोर्ट है माछरौली में जयदीप बताएगा उसके हिस्से के रुपये उसे दे देना। वहीं जयदीप अल्ट्रासाउंड होने से पहले मौके से निकल गया था। अल्ट्रासाउंड करवाने के बाद महिला माछरौली पहुंची जहां जयदीप ने उसे कहा कि वह मिठाई ले आए। उसके गर्भ में लड़का है। जिसके बाद पीछे-पीछे पहुंची टीम ने माछरौली से जयदीप को काबू कर लिया और उसके पास से डमी ग्राहक की तरफ से दिए गए 5000 रुपये भी बरामद कर लिए। टीम ने जयदीप को पुलिस को सौंप दिया।
भ्रूण लिंग जांच के गोरखधंधे से जुड़े एक व्यक्ति को काबू करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। विभाग की टीम भ्रूण लिंग जांच पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आरोपी के खिलाफ पुलिस में भी मामला दर्ज करा दिया गया है।
- डॉ. ममता, नोडल अधिकारी, पीएनडीटी, झज्जर।