बहादुरगढ़। मॉडर्न स्कूल गेट के बाहर हुई फायरिंग के मामले की गुत्थी सुलझ गई है। आरोपी ने पत्नी से छेड़छाड़ करने पर गुस्से में आकर गोलियां चलाईं। पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी और फायरिंग की वीडियो बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी एमपी माजरा निवासी सतेंद्र है जबकि वीडियो बनाने वाला उसका साथी दीपेंद्र है।तीसरा आरोपी कार चालक अभी हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, फेसबुक व इंस्टाग्राम की मदद से आरोपियों की पहचान की।
दोनों आरोपियों को रोहतक एरिया से दोनों को पकड़ा है। डीसीपी बोले, प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सतेंद्र की पत्नी के साथ शिकायतकर्ता योगेश उर्फ सीटू छेड़खानी करता था। सतेंद्र और योगेश आपस में पुराने जानकार हैं। इसी को लेकर सतेंद्र योगेश से रंजिश रखने लगा था।
सतेंद्र ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। यह मामला किसी भी गैंग या संगठित अपराध से संबंधित नहीं है। वारदात के समय आरोपी नशे की हालत में था जिसके कारण उन्हें यह तक पता नहीं था कि उन्होंने किस स्कूल के सामने फायरिंग की है।
दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि वारदात में प्रयुक्त वाहन और अवैध हथियार बरामद किए जा सकें। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दरअसल, शनिवार रात को शहर के बेरी रोड स्थित भाजपा नेता राकेश कोच के मॉडर्न स्कूल के बाहर फायरिंग की गई थी। आरोपी ने दोनों हाथों से पिस्तौल से नौ फायर किए। सेक्टर-2 निवासी राकेश के भाई योगेश ने थाना सेक्टर-6 में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें गठित कीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने बच्चों के साथ बरसाना धाम गया हुआ था। घर लौटने के बाद रात करीब 10:30 बजे वह सो गया। सुबह बाहर निकलने पर पास स्थित स्कूल गेट के बाहर गोलियों के निशान दिखाई दिए जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पहली बार एआई का प्रयोग कर पकड़ा आरोपी
सतेंद्र को पुलिस ने हाथ में बंधे डोरे और हाथ पर लिखे पत्नी के नाम के आधार पर पहचान कर पकड़ा। झज्जर पुलिस की ओर से पहली बार एआई का प्रयोग करते हुए आरोपी सतेंद्र की खोज फेसबुक व सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर की गई। फेसबुक पर जतिन नाम के युवक की आईडी थी जो सतेंद्र की मिली। इसी आधार पर उसकी पहचान हुई और उसे पकड़ा गया। फायरिंग के बाद आरोपी पहले घर गया और फिर साथी संग जींद कोर्ट पहुंचकर वकील से अग्रिम जमानत के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। जब दोनों घर लौट रहे थे तभी पुलिस ने रोहतक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता भी हिस्ट्रीशीटर
शिकायतकर्ता योगेश उर्फ सीटू भी हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कुल 8 आपराधिक एफआईआर दर्ज हैं जिनमें 3 हत्या, 2 हत्या के प्रयास, यूपी में गैंगस्टर एक्ट, झज्जर में पुलिस मुठभेड़ और जमीन से जुड़े अन्य मामले शामिल हैं। योगेश पर पहला हत्या का केस 1999 में दिल्ली में दर्ज हुआ था। इसके बाद 2002 और 2011 में भी हत्या के मुकदमे चले जबकि 2019 में यूपी में गैंगस्टर एक्ट लगा।