नारनौल की आबोहवा हुई खराब, 383 के पास पहुंचा एक्यूआई
नारनौल क्षेत्र में प्रदूषण स्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जहां रविवार शाम 7 बजे तक 150 के पास एक्यूआई दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार सुबह 10 बजे 383 के पास एक्यूआई पहुंच गया है। बढ़ता प्रदूषण खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों को परेशान कर रहा है।
सोमवार सुबह से हल्की हवा भी चल रही है, जिससे लोग घरों में रहने के लिए मजबूर हो गए। सुबह से क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, ऐसे में वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने की वजह से वह भी सुबह रेंग कर चलते दिखाई दिए। अचानक मौसम बदलने से छोटे बच्चों को भी स्कूल में जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोनीपत में दमघोंटू हवा, एक्यूआई 404 तक पहुंचा
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल सोनीपत में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। रात से ही कोहरा व स्मॉग छाया हुआ है। स्मॉग छाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। कोहरा और उसमें शामिल धूल, धुएं के कणों के कारण गैस चैंबर के हालात बने हैं और सांस लेने में परेशानी होने लगी है। साथ ही गले में खराश महसूस होने लगी है। स्मॉग के कारण हवा दमघोंटू बनी रही। मौसम में सर्दी बढऩे
के साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर भी बढऩे लगा है।
स्मॉग छाने से गैस चैंबर जैसे हालात बन गए हैं। जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार बढ़ रहा है। यह खतरनाक स्तर पर जा चुका है। सोमवार सुबह एक्यूआई 404 दर्ज किया गया। सर्दी बढऩे के साथ ही प्रदूषण के स्तर में और इजाफा होने का आशंका है। वहीं पीएम-10 का स्तर 500 व पीएम 2.5 का स्तर 436 तक पहुंच गया है। यह स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हैं। इसमें लोगों को परेशानी होने लगती है।