बहादुरगढ़। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरेक खेल में हरियाणा के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अब तो मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री भी हरियाणावी खिलाड़ियों की दीवानी हो गई है। सुल्तान व दंगल फिल्म इसका साक्षात प्रमाण है। धनखड़ शनिवार को बादली व लाडपुर में खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ शनिवार को बादली में आयोजित फुटबाल के महाकुंभ में पहुंचे। यहां उन्होंने फुटबाल खिलाड़ियों से परिचय लेते हुए उन्हें खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। धनखड़ ने गांव लाडपुर में आयोजित कुश्ती खेल स्पर्धा में भी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हो प्रतियोगिता के विजेता रहे पहलवानों को सम्मानित किया। आयोजित खेल स्पर्धाओं में कृषि मंत्री धनखड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करते हुए उन्हेें आगे बढ़ने का सुदृढ़ रास्ता प्रदान किया जा रहा है। ऐसे में हमारे खिलाड़ियों ने भी प्रदेश सरकार का मान-सम्मान रखते हुए ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में पदक हासिल किए हैं। हरियाणा फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू को प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व मिलने पर कृषि मंत्री ने कहा कि अब हरियाणा प्रदेश में फुटबाल के प्रति भी खिलाड़ियों को जोड़ते हुए बेहतर टीम तैयार की जाएगी और सरकार की ओर से खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं प्रदान होंगी। इस मौके पर गुरुग्राम जिला परिषद् के चेयरमैन कल्याण सिंह चौहान, अरविंद गुलिया, लीलू पहलवान, श्रीओम शर्मा, मास्टर रणबीर गुलिया आदि मौजूद रहे।
-