झज्जर। हरियाणा और तमिलनाडु की टीम के बीच खेले गए अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के मैच में हरियाणा की टीम ने 212 रनों से जीत दर्ज की। मैच में बहादुरगढ़ निवासी गौरिश दहिया ने 32 रन और बेरी निवासी सम्मी कादयान ने 24 रन बनाए।
रोहतक के चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली में हरियाणा और तमिलनाडु की टीम के बीच अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी का क्रिकेट मैच खेला गया। मैच के दूसरे दिन ही हरियाणा की टीम ने तमिलनाडु को हराकर जीत दर्ज कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने अपनी पहली पारी में 171 रन बनाए। इसके बाद तमिलनाडु की टीम अपनी पहली पारी में 70 रनाें पर ऑल आउट हो गई।
इसके बाद हरियाणा की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 190 रन बनाए। वहीं, बाद में तमिलनाडु की टीम 79 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान मैच में गौरिश दहिया ने पहली पारी में 25 रन और दूसरी पारी में सात रन बनाए। इसके अलावा सम्मी कादयान ने पहली पारी में 23 रन और दूसरी पारी में एक रन बनाया। हरियाणा की टीम ने अब तक तीन मैचोंं में से दो में जीत दर्ज व एक मैच ड्रा खेला है। हरियाणा की टीम का अगला मैच आठ से 11 दिसंबर तक बिहार की टीम के साथ होगा।