बहादुरगढ़। शहर से सटे गांव परनाला में रविवार की सुबह साढ़े छह बजे गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी, इसमें एक किरयाना दुकानदार की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही दो भाईयों और उनके साथी पर लगा है। हत्या करने के बाद तीनों हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल पर भाग गए।
घटना की सूचना पर लाइनपार थाना पुलिस एसएचओ पवनवीर व सीआईए पुलिस और डीसीपी मयंक मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया है।
सफाई करते समय मारी गोली
58 वर्षीय सतबीर की हत्या उस वक्त की गई, जब वह सुबह अपनी दुकान खोलकर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए और दुकान के अंदर घुसकर सतबीर को गोली मार दी। यही नहीं उसकी गर्दन पर कई वार किए गए। इसमें वह निढाल होकर जमीन पर गिर गया। मौके पर ही सतबीर की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि एक आरोपी मोटरसाइकिल पर बैठा है जबकि दो आरोपी सतबीर को गोली मार रहे हैं। एक बार तो आरोपियों की पिस्तौल भी अटक गई थी।
नहीं आया कोई बीच-बचाव में, मामला आपसी रंजिश का
सीसीटीवी में हत्या की घटना के दौरान गली में कुछ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए नहीं आया। वारदात गांव की हरिजन चौपाल के पास हुई है। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है।
गांव की युवती से किया था प्रेम विवाह, पुलिस ने नहीं दी सुरक्षा
मृतक के बेटे तरुण ने गांव में उनके पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के मकान भी आसपास ही हैं। इसी प्रेम विवाह की रंजिश के चलते इस वारदात का शक जताया गया है। मृतक के भाई मोहर सिंह ने बताया कि लड़की के परिजन उन्हें धमकी देते थे। इसके लिए पुलिस सुरक्षा की गुहार भी लगाई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गांव के रहने वाले सागर और साहिल पर साथियों के साथ मिलकर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।
रविवार की सुबह साढ़े 6 बजे परनाला गांव में हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या का आरोप गांव के ही सागर और साहिल व उनके साथियों पर लगा है। दोनों परिवारों के बीच प्रेम विवाह को लेकर रंजिश चल रही थी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।