झज्जर। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के आज से शुरू हो रहे दो दिवसीय दौरे को लेकर पूरा प्रशासन जुट गया है। उनके कार्यक्रम वाले स्थानों को चकाचक कराने के लिए प्रशासन ने ताकत झोक दी है। सोमवार को एडीसी ने अधिकारियों के साथ बेरी, शेरिया, झाड़ली सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों का दौरा करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। साफ-सफाई, जलनिकासी करके सब कुछ चकाचक कराया जा रहा है।
दरअसल राज्यपाल का कई स्थानों पर दौरा है। वह जनता से भी संवाद करेंगे। ऐसे में प्रशासन उनके दौरे वाले स्थानों पर पहले से ही सब कुछ दुरुस्त कराने में जुटा है। गांव में युद्ध स्तर पर सफाई कराई गई। जहां पानी भरा है उसे निकालने के निर्देश दिए गए थे। रात तक काम चलता रहा।
एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दतात्रेय मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर आ झज्जर आ रहे हैं। राज्यपाल दो दिवसीय दौरे में जिला के कई महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लेंगे और ग्रामीणों से जनसंवाद भी करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्यपाल 27 जून को सुबह 11 बजे कस्बा बेरी पहुंचकर माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगे। इसके उपरांत नागरिक अस्पताल बेरी का दौरा करेंगे। बारह बजे गांव शेरिया में ग्रामीणों, किसानों और पंचायती राज संस्था के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। एडीसी ने बताया कि राज्यपाल दोपहर बाद अढ़ाई बजे गांव झाड़ली स्थित इंदिरा गांधी सुपर थर्मल पावर प्लांट का दौरा करेंगे। शाम पांच बजे सिंचाई विभाग झज्जर के विश्राम गृह में एससी, बीसी, किसान, विभिन्न एनजीओ और आईआरसीएस के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
एडीसी सलोनी शर्मा ने बताया कि राज्यपाल बुधवार को दूसरे दिन के दौरे की शुरुआत शहर के सवेरा स्कूल से करेंगे। सुबह साढ़े नौ बजे राज्यपाल सवेरा स्कूल का निरीक्षण करेंगे। इस उपरांत प्रात: सवा दस बजे झज्जर गुरुकुल महाविद्यालय पहुंचकर पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन करेंगे। इसके उपरांत बारह बजे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय गांव बाढ़सा में ग्रामीणों, किसानों और पंचायती राज संस्था के प्रतिनिधियों से राजकीय स्कूल में संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्यपाल दोपहर डेढ़ बजे बाढ़सा स्थित एम्स का दौरा करते हुए कैंसर संस्थान के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। एडीसी ने अधिकारियों को राज्यपाल के दौरे को लेकर सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।