साल्हावास । क्षेत्र के गांव खानपुर खुर्द में रविवार को हुई तेज बारिश के कारण रामसर तालाब व शिवमंदिर के पास बने तालाब के ओवर फ्लो होने से गांव की गलियों व घरों में पानी घुस गया। लोगों ने घरों के दरवाजे के सामने मिट्टी के भरे बैग लगाकर बचाव किया।
ग्रामीण पवन, रामकुमार, पोंटी, शेरसिंह आदि ने बताया कि घरों में पानी घुस गया है जिससे लोगों की जिंदगी के ऊपर आफत आन पड़ी है। लोगों को इधर-उधर जाने -आने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पशुओं को भी समय पर चारा नहीं मिल पा रहा है। बड़े बुजुर्गों, महिला व बच्चों को गलियों में आने जाने में परेशानी और यह लोग घरों में बैठकर पानी निकासी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव का रामसर तालाब पक्का होने के कारण तालाब लबालब भर गया है। गलियों में डेढ़ से दो फीट पानी भरने होने के कारण रास्ता बंद हो गया जिसके कारण लोगो को परेशानी का सामना करना पडा। रामलीला ग्राउंड के पास बनी जोहडी भी पूरी तरह से ओवरफ्लो होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है । मात्र एक दिन की बारिश से ही गांव के दोनों तरफ के घरों में पानी घुस गया है। सरपंच कृष्ण कुमार ने बताया कि पाइप और मोटर खरीद लिए हैं जल्द ही पंप सेट लगाकर पानी निकासी करवा दी जाएगी ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। वही इस बारे में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजाराम ने बताया कि पंपसेट जल्दी ही चालू करवा दिया जाएगा और जल्द ही पानी की निकासी हो जाएगी ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।