झज्जर। शहर के झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग स्थित शहीदी पार्क की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार करके नगर परिषद ने मुख्यालय भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर लगाकर काम शुरू करवाया जाएगा।
शहर के शहीदी पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन बनाया हुआ है, जो काफी समय से खराब है। प्रस्ताव के अनुसार उसे ठीक करवाया जाएगा। इसके अलावा तिरंगा पोल पर ट्रीकलर लाइट लगाने का प्रस्ताव है। बुआ हसन तालाब पर टाइल लगवाकर इसका सुंदरीकरण करवाया जाएगा। पार्क की चारदीवारी पर पर्यावरण को लेकर बनाई गई पेंटिंग पुरानी व जीर्ण अवस्था में हो गई है। उन्हें भी दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। इसके अलावा पार्क में बने ओपन जिम की हालत खस्ता हो गई है, जिसको लेकर प्रशासन की ओर से आधुनिक ओपन जिम भी बनाई जाएगी। इसके अलावा बच्चों के खेलने के झूलों को भी नया लुक दिया जाएगा ताकि बच्चों को दिक्कत नहीं आए।
गौरतलब है कि फिलहाल शहीदी पार्क की हालत बद बदतर हो गई है। लाखों रुपये से बने म्यूजिकल फाउंटेन की होदी में ही गंदा पानी भरा हुआ है, जिसमें मच्छर व जहरीले जीव पनप रहे हैं। पार्क परिसर में लगे झूले और ओपन जिम भी टूट गई है। वहीं शाम होते ही नशेडियों का जमावडा पार्क परिसर में लग जाता हैं। इससे शाम को घूमने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले काफी दिनों से शहीदी पार्क में अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। ऐतिहासिक बुआ हसन के तालाब की हालत भी दयनीय बनी हुई हैं।
वर्जन
पार्क के सुंदरीकरण के लिए नप पूरी तरह से सजग है। प्रपोजल मुख्यालय को भेजा जा चुका है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही शहीदी पार्क के सुंदरीकरण के लिए पैसा आ जाएगा।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर।
वर्जन
शहीदी पार्क के सुंदरीकरण के लिए पिछले महीने प्रपोजल भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही एस्टीमेट पास हो जाएगा। शहीदी पार्क का आधुनिक तरीके से सुंदरीकरण किया जाएगा।
यशपाल उर्फ कूक्कू, पार्षद, वार्ड नंबर पांच, झज्जर