साल्हावास। भीम और अर्जुन अवाॅर्डी वीरेंद्र उर्फ गूंगा पहलवान ने रविवार को खेतों में बाजरे की कटाई की। इससे पहले शनिवार को गांव पहुंचकर मतदान में भी हिस्सा भी लिया था।
पैरा ओलंपिक में तीन बार के स्वर्ण पदक विजेता और दो बार कांस्य पदक विजेता रहे वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान को दिन भर खेतों में बाजरे के कटाई करते हुए देखकर लोग दंग रह गए। उन्होंने आसपास काम कर रहे किसानों से इशारों में बातचीत की और उनका हालचाल जाना।
परिजनों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन खेत में ही खाया। इस दौरान उनके चेहरे पर प्रसन्नता साफ दिखाई दे रही थी। वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान जब कभी भी पैतृक गांव आते हैं तो वे खेतों में काम करना पसंद करते हैं। फसल की कटाई के समय वे परिजनों का सहयोग करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वीरेंद्र सिंह भले ही सेलिब्रिटी बन गए हों, लेकिन आज भी अपनी मिट्टी से जुड़े हैं। वे अपने पैतृक गांव में आकर लोगों के साथ खुशियां मनाना नहीं भूलते।