झज्जर। विधानसभा चुनाव में इस बार झज्जर विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया है। 2.92 प्रतिशत ही महिलाओं की संख्या पुरुषों से कम रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 190025 मतदाता है, जिसमें से इस बार 122135 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया है।
कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 99358 थी, जिसमें से 65246 पुरुष मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जो लगभग 65.66 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार महिलाओं की बात करें तो झज्जर विधानसभा में महिला मतदाताओं की संख्या 90665 थी। इसमें से 56889 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग इस बार किया है, जो लगभग 62.74 प्रतिशत है।
प्रशासन ने डाटा किया अपडेट, 65.69 प्रतिशत हुआ मतदान
जिला प्रशासन की तरफ से जिले में हुए मतदान का डाटा अपडेट किया गया है। शनिवार को जहां 65.8 प्रतिशत मतदान जिले में दिखाया गया था, वहीं अब यह फाइनल डाटा जारी किया है। इसमें 65.69 प्रतिशत मतदान दिखाया गया है। यानी 0.61 प्रतिशत मतदान प्रतिशत बढ़ा है। यदि 2019 की बात करें तो जिले में इस बार 0.42 प्रतिशत मतदान बढ़ा है।
उपायुक्त और पुलिस आयुक्त ने भी किया मतदान
मतदान के दिन जिला उपायुक्त शक्ति सिंह और पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन ने भी पीएम श्री स्कूल में पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया।
इस बार जिले की चार विधानसभा में मतदान प्रतिशत
बादली - 70.02
बहादुरगढ़ - 64.47
बेरी - 64.37
झज्जर - 64.27
कुल - 65.69