झज्जर। इंडो अमेरिकन स्कूल में बड़ी धूमधाम से वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर एसडीएम रविंद्र कुमार व स्कूल निदेशक विजेंद्र कादयान ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना के साथ ही बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
12वीं कक्षा की छात्राओं ने दुर्गा स्तुति के माध्यम से देवी के नौ रूपों को प्रस्तुत करसमा बांध दिया। हरियाणवी डांस, पंजाबी डांस पर तालियों की गड़गड़ाहट से सारा वातावरण गुंजायमान हो गया। चौथी कक्षा की छात्रा मान्या ने मोबाइल से अभिभावक और बच्चों में बढ़ती दूरी पर भाषण देकर सभी को सोचने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम ने कहा कि हमें बच्चों पर बिना दबाव डाले, उनका चहुंमुखी विकास करना चाहिए।
मौके पर 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय की ओर से खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। स्कूल निदेशक विजेंद्र कादयान ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर कड़ी मेहनत करने व अपने माता-पिता का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।